ट्रेन की चपेट में आने से राजस्थान के व्यक्ति की भिवानी में मौत

“भिवानी में ट्रेन से गिरने से राजस्थान के व्यक्ति की मौत“

भिवानी (हरियाणा) में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां राजस्थान के कोटपुतली निवासी एक व्यक्ति की ट्रेन से गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कमलेश (उम्र लगभग 39 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांव जीवा की ढ़ाणी का निवासी था।

जानकारी के अनुसार, कमलेश हिसार कोर्ट में किसी मामले के सिलसिले में आया था और कार्य निपटाकर ट्रेन से अपने घर लौट रहा था। जब ट्रेन बवानीखेड़ा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी वह ट्रेन से गिर गया और ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के पास से मिली डायरी में दर्ज फोन नंबर के जरिए उसकी पहचान की गई। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर मौके पर बुलाया। मृतक के भाई के बयान पर पुलिस ने इत्फाकिया कार्रवाई की।

कमलेश खेती-किसानी करता था और दो बेटों का पिता था। बताया जा रहा है कि कमलेश की आधार कार्ड में दर्ज जन्मतिथि 16 अगस्त 1986 है। इस तरह उसका जन्मदिन आने में अभी करीब 10 दिन बाकी थे, लेकिन इससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया।

जीआरपी द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *