अपना शहर चुनेभारत

एम्स नई दिल्ली के डॉक्टरों और नर्सों की टीम ने पंजाब में बाढ़ राहत मिशन की शुरुआत की

उत्तर भारत के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एम्स नई दिल्ली की टीम का राहत मिशन शुरू, अजनाला से दी सेवाओं की शुरुआत

उत्तर भारत के बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए एम्स नई दिल्ली की डॉक्टरों और नर्सों की विशेष टीम ने शनिवार से अपना मिशन शुरू कर दिया। इस अभियान की शुरुआत पंजाब के अजनाला क्षेत्र से हुई, जो सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में गिना जा रहा है। इसके बाद टीम रामदास और अन्य बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जाकर चिकित्सा सहायता और मानवीय सहयोग प्रदान करेगी।

एम्स की यह पहल केवल दवाइयां और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ितों के बीच विश्वास और सहानुभूति का संदेश भी दे रही है। टीम दवाइयों, चिकित्सीय विशेषज्ञता और मानवीय करुणा के साथ बाढ़ पीड़ितों तक “हीलिंग टच” पहुंचाने की कोशिश कर रही है।

इससे पहले, शुक्रवार को एम्स ने राहत कार्य को गति देने के लिए विशेष योजना बनाई थी, जिसके तहत मेडिसिन, बाल चिकित्सा, मनोचिकित्सा, सामुदायिक चिकित्सा, शल्य चिकित्सा, रेडियोलॉजी और लैब मेडिसिन विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टरों को चुना गया। इसके अलावा वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारियों की टीम भी इस मिशन में शामिल है।

ये चिकित्सक और नर्सें बाढ़ प्रभावित इलाकों में लगातार ड्यूटी निभाते हुए मरीजों का इलाज करेंगे, आवश्यक दवाइयां वितरित करेंगे और जरूरतमंद लोगों को हरसंभव सहायता देंगे। एम्स प्रशासन ने इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बताते हुए कहा है कि यह मिशन “रोगी सेवा, शिक्षा और अनुसंधान की त्रिमूर्ति” पर आधारित है, जिसमें मानवता की सेवा को केंद्र में रखा गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *