उत्तराखंड: बारिश से भारी नुकसान, कई सड़क मार्ग बंद, मकान हुए क्षतिग्रस्त

“बागेश्वर में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, भूस्खलन से कई सड़कें बंद“

बागेश्वर जिले में लगातार हो रही तेज बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा आने से यातायात ठप है, जबकि कई मकानों और स्कूलों को नुकसान पहुंचा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल के अनुसार, अब तक 12 से अधिक सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे कई गांव जिला मुख्यालय से कट गए हैं। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित हो रही है। जिले में 107 आवासीय मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पाए गए हैं, जिनमें कई की दीवारों में दरारें और छतों में रिसाव हो गया है। चार मकान गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त और दो पूरी तरह ध्वस्त हो चुके हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की तैयारी जारी है।

शिक्षा विभाग को भी नुकसान हुआ है, 10 स्कूल भवन क्षतिग्रस्त पाए गए हैं। कुछ भवनों में छत और दीवार गिरने का खतरा होने से इन स्कूलों में कक्षाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। सरयू, गोमती और रामगंगा नदियों का जलस्तर सामान्य से ऊपर है, जिससे निचले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घर से अनावश्यक बाहर न निकलें और नदी किनारों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। राहत और बचाव दल लगातार अलर्ट पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *