उत्तराखंड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी
“उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन कार्य तेज़, 95% से अधिक सड़कों पर यातायात बहाल“
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में आपदा प्रबंधन और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। भारी बारिश और भूस्खलन से प्रदेश में कुल 1827 स्थानों पर सड़कें बाधित हुई थीं। इनमें से 1747 सड़कों को खोल दिया गया है, जबकि शेष 80 सड़कों पर काम तेजी से चल रहा है। अब तक 95.62 प्रतिशत सड़कों पर यातायात बहाल किया जा चुका है।
सरकार की ओर से सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि सड़क बंद होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई शुरू की जाए। परिणामस्वरूप प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें तेजी से खोली जा रही हैं और लोगों को राहत मिल रही है।
इस वर्ष प्रदेश में पिछले कई वर्षों की तुलना में अधिक बारिश हुई है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री धामी लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और राहत-बचाव कार्यों की समीक्षा भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की समस्या न हो, इसके लिए सड़क, बिजली, पानी और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बहाल करने की निरंतर निगरानी की जा रही है। सभी विभाग आपसी समन्वय से त्वरित राहत और बचाव कार्य में लगे हुए हैं।
