सोलन में खेल मैदान उपायुक्त को सौंपा उचित खेल मैदान बनाने के लिए सौंपा ज्ञापन

“सोलन में खेल मैदान की मांग तेज, खेल संघों ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन“

सोलन जिला मुख्यालय में खेल प्रेमियों के लिए उपयुक्त खेल मैदान की कमी अब एक बड़ी चिंता का विषय बनती जा रही है। वर्तमान में ठोडो मैदान ही एकमात्र विकल्प है, लेकिन वह भी वर्षभर मेलों और अन्य कार्यक्रमों के कारण व्यस्त रहता है, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोलन की सभी खेल एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने आज भाजपा नेता और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. राजेश कश्यप के नेतृत्व में उपायुक्त मनमोहन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जिले में एक स्थायी और समर्पित खेल मैदान के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

डॉ. कश्यप ने बताया कि सोलन जैसे महत्वपूर्ण जिले में आज तक कोई स्थायी खेल मैदान नहीं बन पाया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में ऐसी सुविधाएं विकसित हो चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उपायुक्त ने इस विषय को गंभीरता से लिया है और संबंधित विभागों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश देने का आश्वासन दिया है।

स्थानीय खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र ही इस दिशा में ठोस कदम उठाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *