सहरसा में कोसी नदी का कहर, कटाव से कई घर नदी में समाए
“कोसी नदी में उफान से बाघोर, विशनपुर और कोठिया गांवों में तबाही, प्रशासन राहत कार्य में जुटा“
जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसके चलते कोसी तटबंध के भीतर कई स्थानों पर तेज कटाव हो रहा है, जिससे महिषी प्रखंड के बाघोर, विशनपुर और कोठिया गांवों में कई घर नदी में समा गए हैं। हालात को देखते हुए प्रभावित लोग ऊँचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं।
प्रशासन की ओर से कटाव पीड़ितों को प्राथमिक राहत पहुंचाने के लिए प्लास्टिक शीट का वितरण किया गया है। अंचलाधिकारी और अन्य संबंधित कर्मी लगातार लोगों की जरूरतों का जायजा ले रहे हैं ताकि उन्हें समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार अब तक लगभग 15 घर कोसी नदी की कटाव में बह चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। हालांकि प्रशासन की ओर से कटाव रोकने के प्रयास जारी हैं, जिससे कुछ हद तक स्थिति में सुधार हुआ है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है।
इस संबंध में जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा, “मामला मेरे संज्ञान में है। कार्यपालक अभियंता को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि वे स्वयं और आपदा प्रबंधन विभाग के एडीएम प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन सिंचाई योजनाओं और तटबंध की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
स्थिति पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है और हर संभव सहायता पहुंचाने का भरोसा दिया गया है।
