अमेरिका में ‘मोदी-मोदी’ की गूंज, ब्लेयर हाउस पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने गर्मजोशी से किया स्वागत

“अमेरिका पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत“

वॉशिंगटन डीसी, 13 फरवरी 2025 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी विदेश यात्रा के दूसरे चरण में फ्रांस के बाद आज तड़के अमेरिका पहुंचे। वॉशिंगटन डीसी के हवाई अड्डे पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग उपस्थित रहे।

भीषण ठंड और बर्फबारी के बीच दिखा मोदी प्रेम

प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में भारतीय प्रवासी ब्लेयर हाउस के बाहर जमा हुए, जहां भीषण ठंड और बर्फबारी के बावजूद लोग घंटों से उनकी एक झलक पाने के लिए इंतजार कर रहे थे। जैसे ही प्रधानमंत्री वहां पहुंचे, लोगों ने ‘भारत माता की जय’, ‘मोदी है तो मुमकिन है’, ‘वंदे मातरम’ जैसे नारों से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय को दिया अभिवादन

प्रधानमंत्री मोदी ने हाथ मिलाकर सभी का अभिवादन किया और भारतीय समुदाय की इस भावनात्मक उपस्थिति के प्रति आभार प्रकट किया। उनके इस दौरे से भारत-अमेरिका के बीच आपसी साझेदारी और संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद जताई जा रही है।

व्यापार जगत और भारतीय समुदाय से होगी मुलाकात

अपने अमेरिका प्रवास के दौरान प्रधानमंत्री मोदी व्यापारिक नेताओं, नीति निर्धारकों और भारतीय समुदाय के प्रमुख सदस्यों से मुलाकात करेंगे। यह यात्रा अंतरराष्ट्रीय सहयोग, व्यापारिक समझौतों और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

अमेरिका में भारतीय समुदाय के बीच पीएम मोदी की यात्रा को लेकर जबरदस्त उत्साह है, और उनकी इस यात्रा से दोनों देशों के संबंधों में नए आयाम जुड़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *