भोपाल- सिंहस्थ 2028 को लेकर पुलिस मुख्यालय में आयोजित हुई वृहद स्तरीय समीक्षा बैठक
“सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर डीजीपी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, भीड़ प्रबंधन और तकनीकी सुरक्षा पर जोर“
भोपाल स्थित पुलिस मुख्यालय में मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में हाल ही में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर एक वृहद समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक में आयोजन की सुरक्षा और प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई, जिनमें विशेष रूप से भीड़ नियंत्रण, ड्रोन व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी, साइबर सुरक्षा, इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम, पुलिस हाउसिंग और टेलीकॉम नेटवर्क की योजनाएं शामिल थीं।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने आगामी सिंहस्थ को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीकी रूप से दक्ष बनाने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की। प्रयागराज कुंभ-2025 से मिले अनुभवों और तकनीकी नवाचारों को आधार बनाते हुए, मध्यप्रदेश पुलिस ने सिंहस्थ 2028 को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।
पुलिस विभाग की योजना है कि इस महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, निगरानी और यातायात नियंत्रण को स्मार्ट तकनीकों और समन्वित प्रयासों के जरिए संचालित किया जाए, ताकि करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए एक सहज और सुरक्षित अनुभव सुनिश्चित किया जा सके।
