ओडिशा दौरे पर पीएम मोदी: युवाओं ने कहा, देश को नई दिशा मिल रही
“पीएम मोदी के ओडिशा दौरे को लेकर झारसुगुड़ा में जबरदस्त उत्साह, युवाओं से करेंगे संवाद“
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ओडिशा दौरे को लेकर झारसुगुड़ा के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। शनिवार को अपने इस दौरे के दौरान पीएम मोदी राज्य को कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का तोहफा देंगे और झारसुगुड़ा में आयोजित युवा सम्मेलन में युवाओं से संवाद करेंगे।
लोगों का मानना है कि प्रधानमंत्री के आगमन से ओडिशा को नई विकास परियोजनाएं मिलेंगी और राज्य की प्रगति को नई दिशा मिलेगी। मंत्री नित्यानंद गोंड ने कहा कि यह ओडिशा के लिए गर्व का दिन है क्योंकि प्रधानमंत्री झारसुगुड़ा आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवा सम्मेलन में पीएम मोदी का फोकस युवाओं को सशक्त बनाने पर रहेगा, क्योंकि युवाओं की प्रगति से ही देश आगे बढ़ता है।
भाजपा विधायक सिद्धांत महापात्रा ने भी प्रधानमंत्री के इस दौरे को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह उनका ओडिशा का सातवां दौरा है और इस बार वे पश्चिमी ओडिशा के झारसुगुड़ा को संबोधित करेंगे। वे न केवल युवाओं से संवाद करेंगे, बल्कि राज्य और देश के लिए कई नई पहल और योजनाओं की घोषणा भी करेंगे।
भाजपा समर्थक सुभाष नायक ने कहा कि भारी संख्या में लोग प्रधानमंत्री का स्वागत करने के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमेशा ठोस योजनाओं और स्पष्ट दृष्टिकोण के साथ आते हैं और उनके नेतृत्व में देश नई दिशा प्राप्त कर रहा है। उनका विजन युवाओं के लिए नए अवसर और रोजगार के द्वार खोलेगा।
स्थानीय निवासी गोपाल टांडी ने कहा कि वे सेवा पर्व का हिस्सा बनने और प्रधानमंत्री को प्रत्यक्ष सुनने के लिए आए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक उन्होंने पीएम मोदी को सिर्फ टीवी और मोबाइल पर देखा था, लेकिन अब पहली बार उन्हें सामने से देखने का अवसर मिलेगा। इसी तरह सूरज कुमार पटेल ने कहा कि सात साल बाद पीएम मोदी झारसुगुड़ा आ रहे हैं और इस मौके पर हजारों लोग उनका स्वागत करने पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा न केवल ओडिशा के विकास के लिए अहम माना जा रहा है, बल्कि यह युवाओं के लिए प्रेरणा और नए अवसरों का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।
