- 0
- 7 words
“यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में सीएम युवा योजना होगी मुख्य आकर्षण, युवाओं को मिलेंगे नए अवसर“
उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को नए अवसर और मंच देने के लिए सीएम युवा योजना को बड़े स्तर पर आगे बढ़ाने जा रही है। इसी क्रम में 25 से 29 सितम्बर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2025) में यह योजना प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की महत्वाकांक्षी इस योजना का उद्देश्य युवाओं को इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स, फ्रेंचाइजी मॉडल्स और टेक्नोलॉजी आधारित बिजनेस आइडियाज से जोड़ना है। आयोजन के दौरान 27 सितम्बर को सीएम युवा और 27 प्रमुख शैक्षिक संस्थानों के बीच एमओयू का हस्तांतरण किया जाएगा।
हॉल नंबर 18ए में 150 विशेष स्टॉल्स स्थापित किए जाएंगे, जहां विभिन्न क्षेत्रों के नए बिजनेस मॉडल्स प्रदर्शित होंगे। इस प्रदर्शनी में छात्र-छात्राएं, युवा फेलोज, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि और उद्योग जगत के लोग शामिल होंगे। इससे युवाओं को सीखने, नेटवर्क बनाने और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
सीएम युवा योजना के नोडल अधिकारी सर्वेश्वर शुक्ला ने बताया कि इस एमओयू का प्रमुख उद्देश्य शैक्षणिक संस्थानों को सीधे योजना से जोड़ना है। अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं और पूर्व छात्रों को इनोवेटिव प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।
इस पहल से न केवल युवाओं को उद्यमिता की प्रेरणा मिलेगी बल्कि प्रदेश सरकार के स्टार्टअप और इनोवेशन विजन को भी मजबूती मिलेगी। प्रदर्शनी में एग्रीटेक, हेल्थटेक, टेक्नोलॉजी-आधारित बिजनेस और अन्य स्टार्टअप मॉडल्स युवाओं के लिए विशेष आकर्षण होंगे