हमीरपुर के शस्त्र बलही गांव के 11 परिवार दो साल से झेल रहे भूस्खलन की मार
“हमीरपुर के शस्त्र बलही गांव के 11 परिवार दो साल से झेल रहे भूस्खलन की मार”
हमीरपुर जिला की ग्राम पंचायत दड़ूही के शस्त्र बलही गांव के 11 परिवार पिछले दो साल से भूस्खलन की मार झेल रहे हैं। वर्ष 2023 में आए भूस्खलन ने इन परिवारों के घर पूरी तरह नष्ट कर दिए थे। लेकिन अब तक न तो उन्हें कोई राहत दी गई और न ही स्थायी पुनर्वास की व्यवस्था की गई है।
बुधवार को ये प्रभावित परिवार उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्या का स्थायी समाधान निकालने की गुहार लगाई।
उपायुक्त अमरजीत सिंह ने भरोसा दिलाया कि मामले को गंभीरता से सरकार के समक्ष रखा जाएगा और प्रभावितों को राहत दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
गांव के ग्रामीण मेहर सिंह ने कहा कि लगातार बारिश से उनके मकान गिरने की कगार पर हैं, जिस कारण वे अपने परिवार समेत रिश्तेदारों के घरों में शरण लिए हुए हैं। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर सरकार से स्थायी रहने की व्यवस्था करने की मांग की।
