अपना शहर चुनेभारत

मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की

मुख्यमंत्री ने राजीव गांधी की जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज छोटा शिमला स्थित सद्भावना चौक में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से राजीव गांधी के दिखाए मार्ग पर चलने और उनके सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीव गांधी को ‘आधुनिक भारत के निर्माता’ के रूप में याद किया जाता है। उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। देश में सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति राजीव गांधी की दूरदृष्टि का ही परिणाम है, जिससे आज के युवा लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी एक समाज सुधारक थे, जिन्होंने 73वें और 74वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को आरक्षण का अधिकार सुनिश्चित किया। उनकी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए सोनिया गांधी ने संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए विधेयक पारित करवाया।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता और सद्भाव की शपथ भी दिलाई।

इस मौके पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल, कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी सहित कई विधायक, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *