ई-ऑफिस का उद्देश्य कार्य को सरल, उत्तरदायी और पारदर्शी बनाना: मनमोहन शर्मा
“सोलन में ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने के निर्देश”
उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि ई-ऑफिस एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य सरकारी कार्य प्रणाली को सरल, उत्तरदायी और पारदर्शी बनाना है। उन्होंने ई-ऑफिस प्रणाली और मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन (1100) के क्रियान्वयन पर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मनमोहन शर्मा ने बताया कि ई-ऑफिस से लेखन सामग्री की बचत होगी और यह पर्यावरण संरक्षण में भी सहायक होगा। ई-फाइल प्रणाली के माध्यम से फाइल का निष्पादन कभी भी, कहीं भी किया जा सकेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 1 सितंबर, 2025 से सभी विभाग कार्यालय की डाक ई-ऑफिस के माध्यम से ही भेजें। यह सॉफ्टवेयर एन.आई.सी. द्वारा विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसी विभाग को कार्य में कठिनाई होने पर आवश्यक प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
