देश के कई राज्यों में भारी बारिश का कहर, आम जनजीवन प्रभावित
“देशभर में प्री-मॉनसून बारिश और तूफान से जनजीवन प्रभावित, कई राज्यों में रेड अलर्ट“
नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में प्री-मॉनसून और मॉनसून की शुरुआती बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दिल्ली, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात और राजस्थान समेत कई हिस्सों में तेज बारिश और तूफानी हवाओं ने यातायात, बिजली आपूर्ति और सामान्य जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में जलभराव से हालात चुनौतीपूर्ण
राजधानी दिल्ली में भारी बारिश से जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। निचले इलाकों में पानी भरने से यातायात बाधित हुआ है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दावा किया कि जल निकासी के लिए प्रभावी उपाय किए गए हैं। नोडल अधिकारियों को प्रमुख जलभराव स्थलों की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली में रेड अलर्ट के साथ गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की है।
मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश
महाराष्ट्र के मुंबई शहर में 26 मई को हुई बारिश ने पिछले सौ वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। एक घंटे में 104 मिमी और 12 घंटे में 254 मिमी बारिश दर्ज की गई। कोलाबा में मई माह की अब तक की सबसे अधिक 295 मिमी बारिश हुई। शहर के कई हिस्सों में जलभराव के कारण ट्रैफिक और लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं। बीएमसी और राहत दल जल निकासी कार्य में जुटे हैं।
रायगढ़ और ठाणे में तूफान से हालात गंभीर
महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मूसलाधार बारिश के चलते कई मार्ग जलमग्न हो गए हैं। नेरल-कलंब मार्ग पर पुल के ऊपर पानी भरने से आवाजाही रोक दी गई है। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यावश्यक कार्य के बिना घरों से न निकलें।
तमिलनाडु के कोयंबटूर में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित
कोयंबटूर समेत तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। कुछ इलाकों में जलभराव और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं भी सामने आई हैं। स्थानीय प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया है। स्कूल-कॉलेजों को एहतियातन बंद किया गया है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
गुजरात और राजस्थान में तेज तूफान का असर
गुजरात के अरवल्ली जिले और राजस्थान के साकरिया गांव में तेज आंधी और तूफान ने पेड़ गिरा दिए और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचाया। कई घरों की छतें उड़ गईं और बिजली आपूर्ति बाधित रही।
मौसम विभाग की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली और गुजरात समेत कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किए हैं। अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाएं जारी रहने की संभावना जताई गई है।
