अपना शहर चुनेभारत

हैदराबाद : चारमीनार के पास लगी भीषण आग में जिंदा जले 17 लोग, पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान  

हैदराबाद अग्निकांड पर प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक, मृतकों और घायलों के लिए सहायता राशि का ऐलान


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद के चारमीनार क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण आग हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने इस हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों और घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा, “हैदराबाद में आग की घटना से अत्यंत दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में लगी आग, दमकलकर्मियों ने कई लोगों को बचाया
यह दर्दनाक घटना गुलजार हाउस क्षेत्र की एक व्यावसायिक इमारत में हुई, जो चारमीनार के पास स्थित है। इस आग में 17 लोगों की जान चली गई और कई अन्य झुलस गए। रिपोर्टों के अनुसार, मोती व्यापारी की दुकान ‘मोदी पर्ल्स’ के ग्राउंड फ्लोर से आग शुरू हुई, जबकि ऊपर की मंजिलों पर उनके परिजन और कर्मचारी रहते थे।

घटना की सूचना मिलते ही आठ दमकल गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। दमकलकर्मियों ने संकरी गलियों और घने धुएं के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।

केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने घटनास्थल का दौरा कर राहत कार्यों की समीक्षा की और सभी प्रभावितों को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने राज्य सरकार से आग सुरक्षा ऑडिट जैसे जरूरी उपाय अपनाने की अपील की।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने भी हादसे पर दुख जताया है और अधिकारियों को तत्काल राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि वे पुलिस और अग्निशमन विभाग के संपर्क में हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *