- 0
- 6 words
“पहलगाम हमले के बाद सतर्कता बढ़ी, झारखंड के 6 शहरों में 7 मई को मॉक ड्रिल“
हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियां देशभर में सतर्क हो गई हैं। इसी क्रम में गृह मंत्रालय के निर्देश पर 7 मई को देश के 244 से अधिक स्थानों पर नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में झारखंड के छह शहरों को भी शामिल किया गया है — रांची, जमशेदपुर, बोकारो, गोड्डा, साहिबगंज और गोमिया।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, इन मॉक ड्रिल्स के लिए हर शहर में अलग-अलग समय तय किया गया है। अभ्यास के दौरान हवाई हमले की चेतावनी देने वाले सायरनों का परीक्षण किया जाएगा, जिससे नागरिकों को किसी संभावित खतरे से पहले सतर्क किया जा सके।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य नागरिकों, खासकर छात्रों और कर्मचारियों को आपात स्थिति में सुरक्षा के आवश्यक उपायों का प्रशिक्षण देना है। इस अभ्यास में ‘क्रैश ब्लैकआउट’ की प्रक्रिया भी शामिल होगी, जिसमें चयनित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बंद कर पूरी तरह अंधेरा कर दिया जाएगा। यह कदम दुश्मन की हवाई निगरानी से बचाव के लिए उठाया जाता है।
स्कूलों, कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का रिहर्सल भी मॉक ड्रिल का हिस्सा होगा। इसमें झारखंड पुलिस, जैप और अन्य सुरक्षा बल मिलकर संवेदनशील इलाकों में कार्रवाई का अभ्यास करेंगे।
सुरक्षा एजेंसियों और नीति-निर्माताओं के बीच हाल की बैठकों और गृह मंत्रालय के इस कदम से यह संकेत मिल रहा है कि भारत सरकार पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किसी कड़े सैन्य विकल्प पर विचार कर सकती है।