शिमला में टूरिस्ट सीजन चरम पर, ट्रैफिक जाम बना मुसीबत
“गर्मियों में शिमला बना पर्यटकों का पसंदीदा ठिकाना, भारी भीड़ से ट्रैफिक जाम की स्थिति गंभीर“
गर्मियों की छुट्टियों और मैदानी इलाकों की भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए हजारों पर्यटक शिमला का रुख कर रहे हैं। इस कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भारी दबाव पड़ा है। पिछले सात दिनों में शोघी बैरियर से 2.25 लाख से अधिक वाहन शिमला में दाखिल हुए हैं, जिससे कुछ मिनटों का सफर अब घंटों में बदल गया है।
पर्यटकों की लगातार बढ़ती भीड़ से शहर में ट्रैफिक जाम की गंभीर स्थिति बन गई है। इसे नियंत्रित करने के लिए शिमला पुलिस ने दो अतिरिक्त ट्रैफिक टुकड़ियों की तैनाती की है। डीएसपी ट्रैफिक संदीप शर्मा ने पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए यात्रा के लिए पहले से योजना बनाने और समय पर निकलने की सलाह दी है।
शिमला प्रशासन का कहना है कि भीड़भाड़ को नियंत्रित करने और पर्यटकों की सुविधा बनाए रखने के लिए ट्रैफिक नियंत्रण के अतिरिक्त उपाय भी अपनाए जा रहे हैं। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और पार्किंग व्यवस्था का सही तरीके से उपयोग करें।
