कुल्लू जिला और मनाली में स्थिति सामान्य है, चिंता का कोई कारण नहीं: भुवनेश्वर गौड़
“कुल्लू: मौसम संबंधी अफवाहों से बचें, कुल्लू-मनाली पूरी तरह सुरक्षित – विधायक भुवनेश्वर गौड़“
कुल्लू, 03 मार्च: मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने हाल ही में हिमाचल प्रदेश में मौसम संबंधी घटनाओं पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कुछ क्षेत्रों में जलभराव और नदी के जलस्तर में वृद्धि देखने को मिली है, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा समय पर कार्रवाई करते हुए स्थानीय निवासियों और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
अफवाहों से बचने की अपील
विधायक ने इस बात पर नाराजगी जताई कि कुछ मीडिया संस्थान और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पुराने वीडियो को साझा कर भ्रामक जानकारी फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के कुछ मीडिया चैनल उत्तराखंड में हुए भूस्खलन की घटनाओं की तुलना कुल्लू से कर रहे हैं, जबकि दोनों परिस्थितियां पूरी तरह अलग हैं।
“यह गलत रिपोर्टिंग न केवल पर्यटन उद्योग को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि बेवजह भय और भ्रम भी फैला रही है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स अनावश्यक आतंक पैदा कर रहे हैं, जिससे पर्यटक गलत निर्णय लेकर जल्दबाजी में यात्रा योजनाएं रद्द कर रहे हैं।”
पर्यटन स्थल पूरी तरह सुरक्षित
विधायक ने स्पष्ट किया कि कुल्लू-मनाली के सभी पर्यटन स्थल पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्रशासन के विभिन्न विभाग, जिनमें लोक निर्माण विभाग (PWD), सिंचाई एवं जल स्वच्छता विभाग (IPH), पुलिस, राजस्व और पर्यटन विभाग शामिल हैं, मिलकर पर्यटकों के लिए सभी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध करवा रहे हैं।
पर्यटन उद्योग को न पहुंचे नुकसान
भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि पर्यटन कुल्लू-मनाली की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और अफवाहों से यह उद्योग प्रभावित हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ग़लत जानकारी न फैलाएं और स्थिति को अनावश्यक रूप से नकारात्मक रूप में प्रस्तुत न करें।
“कुल्लू-मनाली में मौसम सामान्य है, सड़कें खुली हैं, और सभी पर्यटन गतिविधियां सुचारू रूप से चल रही हैं। हम प्रकृति प्रेमियों और एडवेंचर उत्साही लोगों का स्वागत करते हैं और आश्वस्त करते हैं कि यहां आकर उन्हें कोई परेशानी नहीं होगी।”
