सीहोर- ट्रैप लगाकर दो तेंदुए को वन विभाग ने रेस्क्यू
“सीहोर जिले में मवेशियों का शिकार कर रहे दो तेंदुए पिंजरे में कैद, ग्रामीणों को मिली राहत“
मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में बीते कई दिनों से मवेशियों का शिकार कर दहशत फैला रहे दो तेंदुओं को वन विभाग की टीम ने पिंजरे में कैद कर लिया है। इन तेंदुओं की गतिविधियां जिले के आधा दर्जन से अधिक गांवों में देखी जा रही थीं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ था।
ग्रामीणों ने तेंदुओं की लगातार आवाजाही और मवेशियों पर हो रहे हमलों की जानकारी वन विभाग को दी थी। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए तेंदुओं को पकड़ने की रणनीति बनाई। इसी क्रम में आज तड़के दोनों तेंदुओं को सुरक्षित रूप से पिंजरे में कैद कर लिया गया।
तेंदुओं के पकड़े जाने के बाद इलाके में लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग अब इन तेंदुओं को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर जंगल में छोड़े जाने की तैयारी कर रहा है, ताकि मानव और वन्यजीवों के बीच संतुलन बना रहे।
