पूर्व सैनिकों, सैनिकों की विधवाओं और आश्रितों के लिए आउटरीच कार्यक्रम होंगे आयोजित
“कांगड़ा- अप्रैल में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के लिए कल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन“
मार्च 28, कांगड़ा (धर्मशाला) – जिला सैनिक कल्याण कार्यालय द्वारा अप्रैल माह में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके आश्रितों और पूर्व सैनिकों की विधवाओं को कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उपनिदेशक सैनिक कल्याण बोर्ड, सेवानिवृत्त कर्नल जी.एस. गुलेरिया ने बताया कि इन कार्यक्रमों के लिए बोर्ड द्वारा कल्याण आयोजकों की ड्यूटी लगाई गई है। कार्यक्रम की तारीखें निम्नलिखित हैं: 4 अप्रैल को सैनिक विश्राम गृह देहरा, 5 अप्रैल को रक्कड़, 10 अप्रैल को इंदौरा, 11 अप्रैल को सैनिक विश्राम गृह नूरपुर, 17 अप्रैल को जयसिंहपुर, 19 अप्रैल को सैनिक विश्राम गृह पालमपुर, 26 अप्रैल को नगरोटा सूरियां और 28 अप्रैल को फतेहपुर में आयोजित किए जाएंगे।
कर्नल गुलेरिया ने सभी पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, पूर्व सैनिकों की विधवाओं और आश्रितों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान करवा सकते हैं। इन कार्यक्रमों में कल्याण आयोजक संबंधित वर्गों की समस्याएं सुनेंगे और उन्हें विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले पूर्व सैनिक, उनके आश्रित, वीर नारियां और पूर्व सैनिकों की विधवाएं सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ उपस्थित हो सकते हैं।
