पाकिस्तान सेना प्रमुख की परमाणु युद्ध धमकी पर भारत का पलटवार, कहा -ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेंगे
“पाकिस्तान सेना प्रमुख के परमाणु धमकी वाले बयान पर भारत का पलटवार”
भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) ने पाकिस्तान सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर के हालिया बयानों को गैर-जिम्मेदाराना और खतरनाक बताया है। MEA प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा परमाणु धमकी देना उसकी पुरानी आदत है, और ऐसे बयान उसकी परमाणु कमान की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े करते हैं, खासकर जब उसकी सेना आतंकवादी संगठनों से जुड़ी हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
मुनीर ने अमेरिका दौरे के दौरान भारत को चेतावनी दी थी कि यदि पाकिस्तान के अस्तित्व को खतरा हुआ तो वह पूरे क्षेत्र को परमाणु युद्ध में झोंक सकता है। उन्होंने कश्मीर को पाकिस्तान की ‘जुगुलर वेन’ बताते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय मुद्दा करार दिया और सिंधु नदी पर बांध बनाए जाने पर उन्हें नष्ट करने की धमकी दी।
भारत ने इन बयानों को खारिज करते हुए दोहराया कि पाकिस्तान का कश्मीर से एकमात्र संबंध यही है कि उसे अवैध कब्जा खाली करना होगा। यह विवाद ऐसे समय सामने आया है जब मुनीर ने अमेरिका में उच्च स्तरीय राजनीतिक और सैन्य नेतृत्व से मुलाकात की और फिर यूरोप रवाना हो गए।
