अपना शहर चुनेभारत

चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं ने रचा इतिहास, 39 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन

चारधाम यात्रा में अब तक रिकॉर्ड 39 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की योजना पर विचार

इस वर्ष उत्तराखंड की चारधाम यात्रा में तीर्थयात्रियों की रिकॉर्ड संख्या दर्ज की गई है। अब तक 39 लाख 92 हजार 903 श्रद्धालु गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। यह जानकारी प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से दी।

मंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा के लिए अब तक 49 लाख 41 हजार 527 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण कराया है। इनमें से गंगोत्री में 6.47 लाख, यमुनोत्री में 5.73 लाख, केदारनाथ में 13.91 लाख, बदरीनाथ में 11.63 लाख और हेमकुंड साहिब में 2.16 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं।

सतपाल महाराज ने इस ऐतिहासिक आंकड़े को लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की योजना की जानकारी भी साझा की। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है और इससे राज्य की धार्मिक पर्यटन की छवि और मजबूत होगी।

इसके साथ ही उन्होंने हरिद्वार में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनाने की योजना पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है और यहां हवाई अड्डा बनने से देश-विदेश के श्रद्धालुओं को विशेष रूप से लाभ मिलेगा। मंत्री ने बताया कि दो स्थानों की पहचान की जा चुकी है, लेकिन अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है। एयरपोर्ट बनने से भारतीय मूल के लोग अपने पूर्वजों की अस्थियों को गंगा में प्रवाहित करने के लिए आसानी से हरिद्वार पहुंच सकेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *