‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की थीम पर नागरिक आपूर्ति निगम ने मनाया योग दिवस
“रायपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राज्य स्तरीय योग शिविर का भव्य आयोजन“
11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नागरिक आपूर्ति निगम में एक भव्य राज्य स्तरीय योग शिविर का आयोजन उत्साह और अनुशासन के साथ किया गया। इस आयोजन ने न केवल प्रतिभागियों को योगाभ्यास का अवसर दिया, बल्कि योग के वैश्विक महत्व और जीवन में उसकी प्रासंगिकता को भी उजागर किया।
इस अवसर पर निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि योग अब केवल भारत की धरोहर नहीं रह गया है, बल्कि यह संपूर्ण मानवता के लिए स्वस्थ और संतुलित जीवन का मार्ग बन चुका है। उन्होंने कहा, “योग केवल व्यायाम नहीं है, यह शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। यह जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाता है और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है।”
“योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” थीम पर केंद्रित आयोजन
श्री श्रीवास्तव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए बताया कि वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता दी गई थी। उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” पृथ्वी और मानव स्वास्थ्य के गहरे संबंध को दर्शाती है।
उन्होंने बताया कि योग दिवस के अंतर्गत इस बार 10 विशिष्ट आयोजनों—योग संगम, योग बंधन, योग पार्क, योग समावेश, योग प्रभाव, योग कनेक्ट, हरित योग, योग अनप्लग्ड, योग महाकुंभ, और संयोगम—का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य योग को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना और जन-जन को इसके लाभों से जोड़ना है।
तनावमुक्त जीवन की दिशा में सामूहिक संकल्प
अपने उद्बोधन के अंत में श्री श्रीवास्तव ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा, “तनाव मुक्त और स्वस्थ जीवन के लिए योग अमूल्य साधन है। आइए हम सब आज यह संकल्प लें कि स्वयं योग करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।”
इस आयोजन ने छत्तीसगढ़ में योग को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग को जोड़ने की एक प्रेरणादायक पहल की।
