भोपाल- वक्फ बिल के विरोध में लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
“वक्फ बिल के विरोध में भोपाल में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आव्हान पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन“
भोपाल में आज ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के आव्हान पर वक्फ संशोधन बिल के विरोध में सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन में भाग लिया और सरकार से बिल को वापस लेने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए जमियत-ए-उलेमा के अध्यक्ष हाजी मोहम्मद हारून ने कहा कि यह संशोधन देश के एक बड़े तबके के अधिकारों की अनदेखी करते हुए लागू किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है। उन्होंने इसे संवैधानिक और सामाजिक दृष्टिकोण से गंभीर मुद्दा बताया।
शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने स्पष्ट किया कि यह विरोध किसी धर्म या समुदाय के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह कानूनी अधिकारों और न्याय व्यवस्था से जुड़ा हुआ विषय है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर इसे धार्मिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
धरना स्थल पर ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य आरिफ मसूद ने कहा कि बोर्ड ने यह निर्णय सोच-समझकर लिया है और जब तक यह कानून वापस नहीं लिया जाता, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बोर्ड इस मामले को सुप्रीम कोर्ट में ले जाएगा, जहां उन्हें न्याय की पूरी उम्मीद है।
आज से शुरू हुई “वक्फ बचाओ मुहिम” के पहले चरण की यह शुरुआत है, जो आगामी 7 जुलाई तक विभिन्न स्तरों पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड की ओर से यह भी कहा गया कि यह अभियान देशभर में गांव-गांव तक चलाया जाएगा, ठीक उसी तरह जैसे शाह बानो मामले में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया था।
