भोपाल- शहर में मनाया गया 8वां जीएसटी दिवस
“मध्य प्रदेश में मनाया गया 8वां जीएसटी दिवस, करदाताओं को किया गया सम्मानित“
मध्य प्रदेश में 8वां वस्तु एवं सेवा कर (GST) दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता मुख्य आयुक्त मानस रंजन मोहंती (सीमा शुल्क, सीजीएसटी और केंद्रीय उत्पाद शुल्क, मध्यप्रदेश) ने की।
इस अवसर पर राज्य भर से आए निर्यातकों, एमएसएमई प्रतिनिधियों और करदाताओं को सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान सरकारी राजस्व में उत्कृष्ट योगदान के लिए दिया गया, जिससे न सिर्फ जीएसटी व्यवस्था को मजबूती मिली, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी बल मिला।
मुख्य आयुक्त मोहंती ने अपने संबोधन में कहा कि जीएसटी एकीकृत कर प्रणाली के रूप में देश की आर्थिक रीढ़ बन चुका है, और इसमें करदाताओं की भागीदारी सराहनीय रही है। उन्होंने कहा कि करदाताओं को सहयोगी और सरल प्रणाली देने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में जीएसटी से जुड़े विभिन्न सुधारों, तकनीकी पहलुओं और पारदर्शिता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। समारोह में विभिन्न विभागीय अधिकारियों, व्यापारिक संगठनों और युवा उद्यमियों ने भी भाग लिया।
