तेजस्वी यादव ने राघोपुर से भरा नामांकन
“राघोपुर सीट से तेजस्वी यादव ने भरा नामांकन, लालू-राबड़ी रहे साथ”
राजद के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने राघोपुर विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, माता राबड़ी देवी, बहन एवं राज्यसभा सांसद मीसा भारती और सलाहकार संजय यादव मौजूद थे। तेजस्वी का यह नामांकन उनके चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है।
तेजस्वी यादव हाजीपुर अनुमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने सदर अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। इस मौके पर उनके साथ समर्थकों का लंबा काफिला मौजूद था। कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी सेतु पर फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
इस बार एनडीए ने राघोपुर सीट से अपने उम्मीदवार की अभी घोषणा नहीं की है। वर्ष 2020 के चुनाव में तेजस्वी यादव ने एनडीए प्रत्याशी सतीश यादव को हराकर जीत दर्ज की थी। इस बार भी राघोपुर में दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।
नामांकन के दौरान तेजस्वी यादव के साथ हाजीपुर से राजद प्रत्याशी देव कुमार चौरसिया सहित कई वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद रहे। राजद ने वैशाली जिले से तेजस्वी यादव के अलावा दो अन्य प्रत्याशियों को भी टिकट दिया है, जिनमें महुआ से विधायक मुकेश रोशन शामिल हैं। मुकेश रोशन ने भी आज ही महुआ अनुमंडल कार्यालय में नामांकन दाखिल किया।
राघोपुर विधानसभा सीट वैशाली जिले में स्थित है, जहां से लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी पूर्व में चुनाव लड़ चुके हैं। तेजस्वी यादव इस सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और अब तीसरी बार चुनाव मैदान में उतर रहे हैं।
