डबल इंजन की ताकत से ओडिशा तेजी से आगे बढ़ रहा है: प्रधानमंत्री मोदी
“ओडिशा के झारसुगुड़ा में पीएम मोदी ने किए विकास कार्यों का शुभारंभ, कहा – ‘चिप से लेकर शिप तक भारत बनेगा आत्मनिर्भर”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। नवरात्रि के पावन अवसर पर जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मां समोली और मां रामोचंडी देवी की इस भूमि पर आकर मुझे आप सभी के दर्शन का सौभाग्य मिला है। आपका आशीर्वाद ही हमारी शक्ति है।”
विकसित ओडिशा का संकल्प
पीएम मोदी ने कहा कि डेढ़ साल पहले विधानसभा चुनाव के दौरान ओडिशा के लोगों ने विकसित राज्य की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया था और आज ओडिशा डबल इंजन सरकार की रफ्तार से तेज़ी से प्रगति कर रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य और देश के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स की शुरुआत आज की गई है।
उन्होंने इस मौके पर बीएसएनएल की स्वदेशी 4G सेवाओं की भी शुरुआत की और कहा, “हमें गर्व है कि बीएसएनएल ने पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से 4G सेवा विकसित की है। अब भारत उन चुनिंदा पांच देशों में शामिल है जिनके पास यह क्षमता है।”
गरीबों और आदिवासियों के लिए मूलभूत सुविधाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस गरीबों, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने पर है। उन्होंने बताया कि देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर दिए जा चुके हैं और ओडिशा में भी हजारों घरों का निर्माण जारी है। आज लगभग 50,000 परिवारों को घर की स्वीकृति दी गई है।
जहाज निर्माण और आत्मनिर्भर भारत
मोदी ने कहा कि किसी भी देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए जहाज निर्माण पर ध्यान देना चाहिए। इससे व्यापार, तकनीक और राष्ट्रीय सुरक्षा तीनों में लाभ होता है। इसी दृष्टि से केंद्र सरकार ने जहाज निर्माण के लिए 70,000 करोड़ रुपये का पैकेज स्वीकृत किया है। उन्होंने दोहराया, “हमारा संकल्प है कि चिप से लेकर शिप तक भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने।”
शिक्षा और स्किल डेवलपमेंट पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के लिए कुशल युवाओं और रिसर्च के लिए उपयुक्त माहौल की आवश्यकता है। इसी दिशा में ‘MERIT’ योजना शुरू की गई है, जिसके तहत तकनीकी शिक्षा संस्थानों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
कांग्रेस पर निशाना
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकारें जनता के हित में आने वाले फैसलों में बाधा डालती रही हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जब केंद्र ने डीजल-पेट्रोल के दाम कम किए, तब कांग्रेस शासित राज्यों ने टैक्स बढ़ाकर राहत का असर खत्म कर दिया। “जो फायदा भारत सरकार हिमाचल के लोगों को देना चाहती थी, उसके बीच कांग्रेस की लुटेरी सरकार दीवार बनकर खड़ी हो गई,” उन्होंने कहा।
प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे के साथ झारसुगुड़ा और पूरे ओडिशा में विकास परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
