भरमौर विधानसभा क्षेत्र में अनाथ आश्रम में पढ़ रही एक बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और अमानवीय व्यवहार का मामला सदन में गूंजा

“भरमौर अनाथ आश्रम दुष्कर्म मामला सदन में उठा, सीएम ने दिलाया सख़्त कार्रवाई का आश्वासन“

भरमौर विधानसभा क्षेत्र के एक अनाथ आश्रम में बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और अमानवीय व्यवहार का मुद्दा मंगलवार को विधानसभा में गूंजा। भरमौर के विधायक डॉ. जनक राज ने मामले को सदन में उठाते हुए कहा कि जब यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय थी तो स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने दोषियों के साथ-साथ लापरवाह अफसरों पर भी कार्रवाई की मांग की।

विधायक ने बताया कि उन्होंने पहले डीसी और आरसी को शिकायत की थी, लेकिन त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया। इस बीच पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि जैसे ही उन्हें जानकारी मिली, उन्होंने एडीजीपी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सीएम ने भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और इस संवेदनशील मामले में सरकार कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गोपनीयता बनाए रखना जरूरी है और यदि विधायक को विस्तृत जानकारी चाहिए तो पुलिस अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपलब्ध कराएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *