पीएम मोदी का मालदीव में भव्य स्वागत, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई 21 तोपों की सलामी
“मालदीव की राजधानी माले में प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत, स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि“
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में शुक्रवार को मालदीव की राजधानी माले स्थित रिपब्लिक स्क्वायर में भव्य और औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और 21 तोपों की सलामी के साथ उनका अभिनंदन किया गया। समारोह में मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज़्ज़ू भी मौजूद रहे।
माले एयरपोर्ट पर हुआ आत्मीय स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी के माले हवाई अड्डे पर पहुंचने पर राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू स्वयं उपस्थित होकर उनका स्वागत करने पहुंचे। इस मौके पर मालदीव सरकार के वरिष्ठ मंत्री, जिनमें विदेश, रक्षा, वित्त और गृह सुरक्षा मंत्री शामिल थे, वे भी मौजूद रहे। हवाई अड्डे पर बच्चों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किए, और भारतीय समुदाय ने “वंदे मातरम्” के नारों से स्वागत किया।
भारतीय समुदाय से हुई आत्मीय मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की, बच्चों को ऑटोग्राफ दिए और उनकी बनाई पेंटिंग्स की सराहना की। एक बच्चे ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “प्रधानमंत्री का ऑटोग्राफ मिलना अविश्वसनीय अनुभव था, मैं नाचने लगा!”
प्रधानमंत्री ने एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा, “राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू द्वारा एयरपोर्ट पर स्वागत करना मेरे लिए सम्मान की बात है। मुझे विश्वास है कि भारत-मालदीव संबंध नई ऊंचाइयों को छुएंगे।”
स्वतंत्रता दिवस समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
प्रधानमंत्री मोदी शनिवार, 26 जुलाई को मालदीव की आज़ादी की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह उनकी तीसरी मालदीव यात्रा है, और राष्ट्रपति मुइज़्ज़ू के कार्यकाल में किसी भी राष्ट्राध्यक्ष की पहली यात्रा है।
भारत-मालदीव संबंधों को मिलेगा नया आयाम
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि यह यात्रा भारत-मालदीव साझेदारी को नई ऊर्जा देगी, विशेषकर हिंद महासागर क्षेत्र की शांति और सुरक्षा को लेकर। दोनों नेता अक्टूबर 2024 में शुरू की गई ‘व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी’ की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
यह यात्रा राजनीतिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भारत और मालदीव के संबंधों में नई मजबूती लाने का अवसर है, जिसमें प्रवासी भारतीय समुदाय की भागीदारी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
