अपना शहर चुनेभारत

पीएम मोदी 23 से 26 जुलाई तक ब्रिटेन और मालदीव की यात्रा पर रहेंगे

प्रधानमंत्री मोदी की यूके और मालदीव यात्रा: रणनीतिक साझेदारी और सहयोग को नई दिशा

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 से 26 जुलाई के बीच यूनाइटेड किंगडम और मालदीव की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। यह यात्रा यूके के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर और मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू के निमंत्रण पर हो रही है।

प्रधानमंत्री मोदी 23-24 जुलाई को यूके में होंगे, जो उनकी चौथी ब्रिटेन यात्रा होगी। इस दौरान वे प्रधानमंत्री स्टारमर के साथ भारत-ब्रिटेन द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं पर व्यापक चर्चा करेंगे और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचार साझा करेंगे। उनकी मुलाकात राजा चार्ल्स तृतीय से भी होने की संभावना है।

भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा में दोनों देश व्यापक रणनीतिक साझेदारी (Comprehensive Strategic Partnership) की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसमें व्यापार, तकनीकी नवाचार, रक्षा सहयोग, जलवायु परिवर्तन, स्वास्थ्य, शिक्षा और जन संपर्क जैसे विषय प्रमुख रहेंगे।

यात्रा के दूसरे चरण में, पीएम मोदी 25-26 जुलाई को मालदीव की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यह उनकी मालदीव की तीसरी यात्रा होगी और राष्ट्रपति मुइज्जू के कार्यकाल में किसी राष्ट्राध्यक्ष की पहली यात्रा होगी। प्रधानमंत्री मोदी 26 जुलाई को मालदीव की स्वतंत्रता की 60वीं वर्षगांठ समारोह में ‘मुख्य अतिथि’ के रूप में हिस्सा लेंगे।

मालदीव यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुइज्जू भारत-मालदीव के बीच अक्टूबर 2024 में स्थापित ‘व्यापक आर्थिक और समुद्री सुरक्षा साझेदारी’ के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करेंगे और द्विपक्षीय हितों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति और ‘विजन SAGAR’ (सागर: क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा और विकास) को दर्शाती है और द्विपक्षीय संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *