अपना शहर चुनेभारत

फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर एस. जयशंकर की शुभकामनाएं, कहा- रणनीतिक साझेदारी हो रही मजबूत

फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर विदेश मंत्री जयशंकर की शुभकामनाएं, भारत-फ्रांस साझेदारी को बताया मजबूत

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सोमवार को फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट, फ्रांसीसी सरकार और वहां की जनता को उनके राष्ट्रीय दिवस (14 जुलाई) पर बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत और व्यापक हो रही है।

जयशंकर ने अपने संदेश में लिखा, “फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस पर विदेश मंत्री @jnbarrot, फ्रांसीसी सरकार और जनता को हार्दिक शुभकामनाएं। हमारी रणनीतिक साझेदारी निरंतर सशक्त और विस्तृत होती जा रही है।”

फ्रांस हर वर्ष 14 जुलाई को बास्तील दिवस के रूप में मनाता है। यह दिन 1789 की उस ऐतिहासिक घटना की याद में मनाया जाता है जब फ्रांसीसी जनता ने पेरिस स्थित बास्तील किले पर कब्जा कर लिया था। यह क्रांति लोकतंत्र, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे मूल्यों की आधारशिला बनी, जो भारत और फ्रांस – दोनों देशों के संविधान की आत्मा से मेल खाते हैं।

साल 2023 में भारत और फ्रांस की रणनीतिक साझेदारी के 25 वर्ष पूरे हुए थे, जिसे रजत जयंती के रूप में मनाया गया। उसी वर्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के आमंत्रण पर पेरिस में आयोजित बास्तील डे परेड में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे।

भारत और फ्रांस के संबंध केवल रक्षा और सुरक्षा तक सीमित नहीं हैं। यह सहयोग परमाणु ऊर्जा, अंतरिक्ष अनुसंधान, इंडो-पैसिफिक रणनीति, समुद्री सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, डिजिटलीकरण, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा और सतत विकास जैसे अनेक क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

फ्रांस में भारतीय दूतावास के अनुसार, दोनों देशों की यह रणनीतिक साझेदारी साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, अंतरराष्ट्रीय कानूनों के सम्मान, बहुपक्षवाद में विश्वास और लोगों के बीच के मजबूत रिश्तों पर आधारित है। यह संबंध न केवल द्विपक्षीय प्रगति को बढ़ावा देते हैं, बल्कि वैश्विक चुनौतियों से एकजुट होकर निपटने के प्रयासों का भी उदाहरण हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *