प्रभारी मंत्री ने ली समीक्षा बैठक

“झुंझुनूं में प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने ली समीक्षा बैठक, स्वच्छता व अपराध नियंत्रण पर दिया जोर”

झुंझुनूं। प्रभारी मंत्री एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और पारदर्शिता व समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर विधायक राजेंद्र भांभू, विधायक धर्मपाल गुर्जर, पूर्व विधायक शुभकरण चौधरी, कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग सहित जिला स्तरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मंत्री गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जिले को विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट प्राप्त हुआ है और इसका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए मॉनिटरिंग बढ़ाने और जन-जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।

अपराध नियंत्रण के संबंध में मंत्री ने जानकारी दी कि जिले में अपराध दर में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। उन्होंने पुलिस विभाग को और अधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए, साथ ही झुंझुनूं में एसपी पद की शीघ्र नियुक्ति का आश्वासन भी दिया।

मंत्री गहलोत ने कहा कि स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *