देवघर: राजकीय श्रावणी मेला का हुआ शुभारंभ
“हर हर महादेव” के जयघोष के साथ श्रावणी मेला का हुआ भव्य शुभारंभ“
बाबा बैद्यनाथधाम की नगरी में श्रद्धा और आस्था का सागर उमड़ पड़ा, जब दुम्मा प्रवेश द्वार पर श्रावणी मेला का शुभारंभ “हर हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के साथ किया गया। इस शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था, और चारों ओर भक्ति का माहौल बना रहा।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान राज्य के मंत्री ने बताया कि खिजुरिया से क्यू कॉम्प्लेक्स तक फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा, जिससे कांवरियों और आम श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। यह निर्णय भीड़-भाड़ से निजात दिलाने और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
श्रावणी मेला हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं को आकर्षित करता है, जो दूर-दराज से बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए आते हैं। इस बार भी प्रशासन और स्थानीय लोगों की सहभागिता से मेले की तैयारियां व्यापक स्तर पर की गई हैं।
