टाहलीवाल में मिडास केयर उद्योग पर तालाबंदी, कामगारों का प्रदर्शन तेज
“हरोली के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में मिडास केयर यूनिट पर तालाबंदी, कामगारों का प्रदर्शन तेज“
जिला ऊना के हरोली उपमंडल के टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र में स्थित मिडास केयर उद्योग की एक यूनिट पर प्रबंधन द्वारा तालाबंदी कर दी गई है। इसके साथ ही कुछ कर्मचारियों को निलंबन की अधिसूचना भी जारी की गई है। इस कार्रवाई के विरोध में कामगारों ने मंगलवार को उद्योग परिसर के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और एचआर विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी बहाली और तालाबंदी हटाने की मांग की।
प्रबंधन का कहना है कि यह कदम कर्मचारियों की अनुशासनहीनता और परिसर में हुई मारपीट की घटना के चलते उठाया गया है। साथ ही, प्रबंधन ने चेतावनी दी है कि यदि कामगारों का व्यवहार नहीं सुधरा, तो मजबूरी में दूसरी यूनिट को भी बंद करना पड़ सकता है।
उधर, कामगारों ने भी चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया, तो आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है।
