दिल्ली के लिए ‘हीट एक्शन प्लान’ जारी, तीन हजार वाटर एटीएम, कूलिंग शेल्टर देंगे लोगों को राहत

“दिल्ली में हीट एक्शन प्लान 2025 लॉन्च, गर्मी से राहत के लिए बड़े कदम“

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को राजधानी के नागरिकों को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए हीट एक्शन प्लान (2025) की शुरुआत की। इस योजना के तहत आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय करते हुए सरकार ने कई बड़े कदमों की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने राजधानी में 3,000 ठंडे पानी के एटीएम स्थापित करने का प्रस्ताव रखा है। इनमें से एक-एक हजार एटीएम सार्वजनिक सड़कों, सरकारी भवनों और ग्रामीण इलाकों में लगाए जाएंगे। इसके अलावा, सीएसआर के तहत निजी कंपनियों से भी सहयोग लेने की बात कही गई है।

हीट एक्शन प्लान के प्रमुख बिंदु:

  • 1,800 ‘आपदा मित्रों’ को तैनात किया जाएगा।
  • बस स्टॉप और ट्रैफिक चौराहों के पास 3,000 जल एटीएम लगाए जाएंगे।
  • सरकारी स्कूलों और कार्यालयों के पास 3-4 हजार बड़ी RO इकाइयां स्थापित होंगी, जिससे करीब 5 लाख लोगों को ठंडा पानी मिल सकेगा।
  • छायादार और शीतल आश्रय केंद्र बनाए जाएंगे।
  • झुग्गी-झोपड़ियों में भी आपदा मित्रों की मदद से राहत पहुंचाई जाएगी।
  • अस्पतालों में विशेष हीटवेव वार्ड बनाए जाएंगे।
  • गर्मी को लेकर SMS और सोशल मीडिया के माध्यम से समय-समय पर चेतावनी दी जाएगी।
  • जानवरों के लिए भी राहत के उपाय किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, “दिल्ली का मौसम कई बार चुनौतियां लेकर आता है – गर्मियों में गर्मी और पानी की किल्लत, सर्दियों में प्रदूषण और बारिश में जलभराव। हमारी सरकार हर मौसम को बिना परेशानी के जीने लायक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने भी कहा कि दिल्ली सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि ठोस कदमों से जनहित को प्राथमिकता देती है। उन्होंने बताया कि पानी के टैंकर अब GPS से जोड़े जा चुके हैं और सरकारी भवनों में गर्मी-रोधी छतें लगाने की शुरुआत हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *