सीएमओ ने निक्षय वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
“ऊना: 100 दिवसीय क्षय रोग मुक्त अभियान के तहत निक्षय वाहन व दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना“
जिला अस्पताल ऊना परिसर से 100 दिवसीय क्षय रोग मुक्त अभियान के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजीव वर्मा ने निक्षय वाहन और दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य राज्य को क्षय रोग (टीबी) मुक्त बनाना है। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग आशा वर्करों के माध्यम से घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करेगा और उनके बलगम के सैंपल लेकर जांच सुनिश्चित की जाएगी।
सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस अभियान को प्राथमिकता दी है ताकि हर व्यक्ति तक क्षय रोग से संबंधित जानकारी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर टीबी के लक्षणों जैसे लगातार खांसी, शाम के समय बुखार, बलगम में खून आना, सांस फूलना और छाती में दर्द जैसी समस्याओं वाले लोगों की पहचान की जाएगी। संभावित रोगियों के बलगम के नमूने लेकर उनकी जांच की जाएगी, और यदि किसी में टीबी की पुष्टि होती है तो उसका तुरंत इलाज शुरू किया जाएगा।
डॉ. वर्मा ने बताया कि इस अभियान के दौरान जिले में 75,000 से अधिक लोगों की जांच करने का लक्ष्य रखा गया है। अब तक 35,845 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिसमें 10 लोगों में क्षय रोग की पुष्टि हुई है। इन रोगियों का इलाज तुरंत शुरू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए पंचायती राज विभाग सहित अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जा रहा है। प्रत्येक गांव में निक्षय शिविरों का आयोजन किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल का लाभ उठा सकें।
इस मौके पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर, डीआरटीवी-एचआईवी समन्वयक गुलशन कुमार, कार्यक्रम समन्वयक राकेश ठाकुर और सुपरवाइजर संदीप धीर सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।
डॉ. वर्मा ने आम जनता और सभी विभागों से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है ताकि राज्य को क्षय रोग मुक्त बनाने का लक्ष्य जल्द पूरा हो सके।
