पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटा गया, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

“पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटा गया, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि“

लुटियंस दिल्ली के मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित बंगला नंबर-3 पर आज सुबह से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। उनके पार्थिव शरीर को सैन्य सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगे में लपेटा गया।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देने उनके सरकारी आवास पहुंचे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

डॉ. मनमोहन सिंह का कल रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर 3, मोतीलाल नेहरू मार्ग स्थित उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। इस इलाके में पुलिस ने कड़े सुरक्षा प्रबंध किए हैं। केंद्र सरकार ने डॉ. सिंह के सम्मान में देशभर में सात दिन का राजकीय शोक घोषित किया है।

सिंह के परिवार में उनकी पत्नी गुरशरण कौर और तीन बेटियां उपिंदर सिंह, दमन सिंह और अमृत सिंह हैं। उपिंदर एक प्रतिष्ठित इतिहासकार हैं, दमन लेखिका हैं, और अमृत मानवाधिकार वकील हैं। अमृत अमेरिका में रहती हैं और उनके आज रात दिल्ली पहुंचने की संभावना है।

डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार कल नई दिल्ली में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *