चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने हेमंत सोरेन, ली शपथ

“झारखंड मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ समारोह में विपक्ष के कई शीर्ष नेता शामिल, बहन अंजनी सोरेन ने जताई खुशी”

मंत सोरेन ने आज, 28 नवंबर 2024, को चौथी बार झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित इस समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव सहित विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे।

इससे पूर्व, हेमंत सोरेन ने अपने पद से इस्तीफा देकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में 81 में से 56 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया, जिसमें झामुमो को 34, कांग्रेस को 16, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को 4 और भाकपा (माले) को 2 सीटें मिलीं।

शपथ ग्रहण से पहले, हेमंत सोरेन ने अपने पिता शिबू सोरेन और मां रूपी सोरेन से आशीर्वाद लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, “आज का यह दिन राजनीतिक जीत के बारे में नहीं है, आज का यह दिन हमारी सामाजिक न्याय के प्रति संघर्ष, सामाजिक एकता को प्रखर करने की हर रोज़ लड़ी जानी वाली लड़ाई को दोहराने का दिन है।”

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद, हेमंत सोरेन ने शहीद अग्निवीर अर्जुन महतो के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की।

हेमंत सोरेन का यह चौथा कार्यकाल है। उन्होंने पहली बार 13 जुलाई 2013 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। दूसरी बार 29 दिसंबर 2019 को, तीसरी बार 4 जुलाई 2024 को, और अब चौथी बार 28 नवंबर 2024 को उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *