अपना शहर चुनेभारत

दिल्ली में गीता कॉलोनी श्मशान घाट में घुसा यमुना का पानी, अंतिम संस्कार हो रहा प्रभावित

“यमुना का बढ़ता जलस्तर, गीता कॉलोनी श्मशान घाट में 10 फीट पानी”

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण हालात गंभीर होते जा रहे हैं। गीता कॉलोनी श्मशान घाट में करीब 10 फीट तक पानी भर गया है, जिससे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया बुरी तरह प्रभावित हुई है।

श्मशान घाट के प्रधान संजय शर्मा ने बताया कि हालात बिल्कुल पिछले साल (2023) जैसे हैं। लोग अंतिम संस्कार के लिए आ तो रहे हैं, लेकिन पानी भरने से भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि जलस्तर और बढ़ा तो अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को रोकना पड़ सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की तरफ से कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। बाढ़ का पानी श्मशान घाट में घुसते ही नीचे की लाइट काट दी गई, जबकि ऊपरी कमरों में बिजली की व्यवस्था जारी है।

कई श्मशान घाट प्रभावित
यमुना नदी का जलस्तर गुरुवार सुबह पुराने रेलवे ब्रिज पर 207.48 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। गीता कॉलोनी के अलावा निगमबोध घाट और वजीराबाद श्मशान घाट भी जलभराव से प्रभावित हुए हैं। नगर निगम ने इन घाटों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और लोगों से वैकल्पिक स्थानों का उपयोग करने का आग्रह किया है।

राहत और बचाव कार्य जारी
अधिकारियों के अनुसार, अब तक दिल्ली में 14,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। आईटीओ, मयूर विहार और गीता कॉलोनी में राहत शिविर बनाए गए हैं।
राजस्व विभाग ने बताया कि 8,018 लोगों को तंबुओं में और 2,030 लोगों को 13 स्थायी आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *