अपना शहर चुनेभारत

हिमाचल प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में पर्ची बनाते समय मरीजों से 10 रुपये का परामर्श शुल्क, कांग्रेस ने जनता पर डाला बोझ: त्रिलोक कपूर

शिमला, 04 जून 2025 – भाजपा नेता त्रिलोक कपूर ने कांग्रेस सरकार पर स्वास्थ्य शुल्क को लेकर साधा निशाना

भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार अब “शुल्क वाली सरकार” बनकर रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में मरीजों से 10 रुपये परामर्श शुल्क वसूलने का निर्णय जनता के साथ मजाक है।

त्रिलोक कपूर ने कहा कि यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब राज्य में पहले ही महंगाई, डीजल पर बढ़ा हुआ जीएसटी, और बढ़े हुए बिजली-पानी के बिलों से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि रोजाना लगभग 5000 मरीज राज्य के सरकारी अस्पतालों में इलाज करवाते हैं, जिससे यह शुल्क सालाना 18 लाख रुपये तक का बोझ आम जनता पर डालेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा शासनकाल में आयुष्मान भारत और हिमकेयर योजनाओं के माध्यम से लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई थी और किसी भी पर्ची पर शुल्क लेने की बात नहीं हुई। वहीं, अब कांग्रेस सरकार आम जनता के स्वास्थ्य की चिंता करने के बजाय, आर्थिक बोझ बढ़ाने में लगी है।

कपूर ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार की कार्यशैली ऐसी है जैसे “जो मन में आता है, वह लागू कर दिया जाता है,” और इससे ऐसा लगता है कि सरकार के निर्णय जनहित के बजाय मनमर्जी से लिए जा रहे हैं।

उन्होंने सरकार से यह निर्णय वापस लेने की मांग की और जनता से अपील की कि वे इस मुद्दे पर सवाल पूछें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *