हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय में सम्पन्न हुई कल्याण समिति की बैठकें
“कल्याण समिति की बैठकें सम्पन्न, अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम पर समीक्षा और प्रतिवेदन को दी अंतिम मंजूरी”
दिनांक 04 व 05 अगस्त, 2025 को आयोजित कल्याण समिति की बैठकें माननीय सभापति श्री मोहन लाल ब्राक्टा की अध्यक्षता में संपन्न हुईं। इन बैठकों में समिति के सदस्यों — विनोद कुमार, राम कुमार, रीना कश्यप, लोकेन्द्र कुमार, चन्द्र शेखर, सुदर्शन सिंह बबलू एवं कु. अनुराधा राणा ने भाग लिया।
बैठकों का मुख्य उद्देश्य “अनुसूचित जाति विकास कार्यक्रम (SCDP)” के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करना था। समिति ने इस संबंध में प्रेषित प्रश्नावली के आधार पर विभाग द्वारा प्रस्तुत उत्तरों तथा वर्ष 2024-25 के लिए तैयार किए गए समिति के 23वें मूल प्रतिवेदन की सिफारिश संख्या 1 से 5 तक का विस्तृत अवलोकन किया।
समिति ने निर्णय लिया कि शेष सिफारिश संख्या 6 से 9 का अवलोकन आगामी बैठक में किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त समिति ने पाँच प्रतिवेदनों को अंतिम रूप प्रदान कर उन्हें आगामी मानसून सत्र में सदन के पटल पर प्रस्तुत किए जाने हेतु सभापति को प्राधिकृत किया।
यह बैठकें अनुसूचित जातियों के कल्याण के लिए चल रही योजनाओं की प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं
