अपना शहर चुनेभारत

उत्तराखंड: श्रमिक कल्याण योजनाओं के 8,299 आवेदनों का ऑनलाइन निस्तारण

“भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का विशेष अभियान”

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड ने श्रमिकों और उनके आश्रितों को राहत देने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के अंतर्गत पुत्री-विवाह सहायता योजना, मृत्यु अनुदान योजना, प्रसूति सहायता योजना और शिक्षा सहायता योजना से जुड़े 8,299 आवेदनों का ऑनलाइन निस्तारण किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस प्रक्रिया के तहत 24 करोड़ 85 लाख 19 हजार 700 रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में एक क्लिक से भेजी।

सचिव श्रम श्रीधर बाबू अद्दांकी और श्रम आयुक्त प्रकाश चंद्र दुमका ने बताया कि यह पहली बार है जब बोर्ड स्तर पर इतने बड़े पैमाने पर ऑनलाइन निस्तारण किया गया है। भविष्य में भी समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर आवेदनों का समयबद्ध निपटान सुनिश्चित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना की और श्रम विभाग को लेबर सेस मैनेजमेंट पोर्टल एवं ई-श्रम पोर्टल पर राज्य की उत्कृष्ट प्रगति के लिए बधाई दी। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि श्रम विभाग श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करे और उद्योगों एवं श्रमिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करे, ताकि श्रमिकों को रोजगार सुलभ हो और उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का भी तत्काल निस्तारण हो सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *