उत्तराखंड : चारधाम यात्रा की तैयारियों के लिए मॉक ड्रिल
“चारधाम यात्रा को लेकर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक, 24 अप्रैल को मॉक ड्रिल की तैयारी“
चारधाम यात्रा की तैयारी और आपदा प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी 24 अप्रैल को उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में प्रस्तावित मॉक ड्रिल पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) और उत्तराखंड स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट प्राधिकरण (USDMA) के वरिष्ठ सदस्य सैयद अता हसनैन ने बताया कि चारधाम यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्रालय की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना गया है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, दर्शन सुविधा और आपातकालीन तैयारियों को सुनिश्चित करने के लिए यह बैठक आयोजित की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान उत्तराखंड के 7 जिलों के 15 प्रमुख क्षेत्रों में भूकंप, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटना जैसी संभावित आपदाओं से निपटने की रणनीतियों का अभ्यास किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों और स्थानीय प्रशासन के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना और आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देना है।
उत्तराखंड आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव विनोद सुमन ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों और जिला प्रशासन के सहयोग से टेबल टॉप एक्सरसाइज भी की जा रही है, ताकि आपात स्थिति में समन्वित रूप से कार्य किया जा सके।
यह पहल सुनिश्चित करेगी कि चारधाम यात्रा में आने वाले लाखों श्रद्धालु न केवल सुरक्षित रहें, बल्कि उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें
