- 0
- 6 words
“ऑपरेशन सिंदूर एवं शासन के निर्देशों के बाद बागेश्वर में आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल की तैयारियों पर अहम बैठक“
बागेश्वर: ऑपरेशन सिंदूर के तहत और शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुपालन में बागेश्वर जनपद में आपदा प्रबंधन को लेकर गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी मॉक ड्रिल की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में सभी संबद्ध विभागों को अलर्ट मोड में रहने और आपदा की स्थिति में तत्काल प्रतिक्रिया देने के लिए आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य न केवल तंत्र की तैयारियों की जांच करना है, बल्कि आमजन में आपदा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाना है।
बैठक में पुलिस, फायर सर्विस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, जल संस्थान, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना के अनुरूप जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित, समन्वित और प्रभावी कार्रवाई ही जान-माल की रक्षा सुनिश्चित कर सकती है। इस दृष्टिकोण से मॉक ड्रिल अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।