उत्तराखंड : नैनीताल जनपद में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया
“बरसात और आपदा के मद्देनज़र नैनीताल में मॉक ड्रिल का आयोजन”
बरसात के मौसम में संभावित आपदाओं से निपटने के लिए उत्तराखंड के नैनीताल जनपद में एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह अभ्यास हल्द्वानी के दो स्थानों—देवखड़ी नाला और चोरगलिया स्थित सूर्या नाला—में किया गया, जिसमें कई विभागों ने संयुक्त रूप से भाग लिया।
इस मॉक ड्रिल में लोकल पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम की टीमें शामिल रहीं। अभ्यास के दौरान आपदा की स्थिति का आकलन करते हुए यह दर्शाया गया कि देवखड़ी नाले की ओर मलबा आने से चार लोग घायल हो गए, जबकि सूर्या नाले में एक बाइक और एक कार फंस गई।
सभी टीमें तुरंत घटनास्थलों पर पहुंचीं और प्रभावितों को सुरक्षित निकालकर बेस अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया।
आपदा प्रबंधन की निगरानी के लिए हल्द्वानी तहसील में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया, जहां एसडीएम राहुल शाह समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। देवखड़ी नाले में हुए अभ्यास का नेतृत्व सीओ नितिन लोहनी और तहसीलदार मनीषा बिष्ट ने किया।
एसडीएम राहुल शाह ने बताया कि ऐसे अभ्यास विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हैं और आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल के नुकसान को कम करने में सहायक होते हैं।
