उज्जैन- कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया श्री महाकाल सवारी मार्ग का निरीक्षण
“महाकाल सवारी मार्ग का निरीक्षण, सीएम डॉ. मोहन यादव होंगे शामिल, कलेक्टर-एसपी ने की व्यवस्थाओं की समीक्षा”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सोमवार को श्री महाकाल सवारी में सम्मिलित होना प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए रविवार को कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने दोपहर में महाकाल सवारी मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री सिंह ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए। इनमें प्रमुख रूप से पेयजल की व्यवस्था, सवारी मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश, चिकित्सा सुविधाएं, एम्बुलेंस की तैनाती, मार्ग की सफाई, हर प्रमुख स्थान पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी, राम घाट और दत्त अखाड़ा घाट पर होमगार्ड व तैराकों की मौजूदगी, जूता स्टैंड, फायर ब्रिगेड की तैनाती और आवश्यक बैरीकेडिंग शामिल हैं।
राम घाट पर पुलिस बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मंच की व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री शर्मा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे और 10 से अधिक ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
सवारी मार्ग में कुल 1500 से अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा, जिसमें महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस बल की भी व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक प्रबंधन के लिए 150 से अधिक ट्रैफिक जवानों की तैनाती की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान महाकाल मंदिर प्रशासक समेत अन्य विभागों के जिला अधिकारी भी उपस्थित रहे। यह तैयारियां मुख्यमंत्री की प्रस्तावित उपस्थिति और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए की जा रही हैं, ताकि सवारी का आयोजन श्रद्धा, सुरक्षा और व्यवस्था के साथ संपन्न हो सके।
