एम्स इंटरचेंज की तर्ज पर आपस में जुड़ेंगी दो एलिवेटेड रोड, दिल्ली-हरियाणा से लखनऊ, आगरा और एयरपोर्ट जाना होगा आसान
“नोएडा में बनेगा हाईटेक ट्रैफिक इंटरचेंज, जाम से मिलेगी राहत“
नोएडा और उसके आसपास के क्षेत्रों में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए एक नई और बड़ी योजना पर काम शुरू हो चुका है। दिल्ली के एम्स फ्लाईओवर की तर्ज पर अब नोएडा में भी एक आधुनिक ट्रैफिक इंटरचेंज बनाया जाएगा, जो दो प्रमुख एलिवेटेड सड़कों को आपस में जोड़ेगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद दिल्ली और हरियाणा से आने-जाने वाले वाहन सीधे यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, आगरा और लखनऊ तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
इस योजना के तहत जिन दो सड़कों को जोड़ा जाएगा, उनमें पहली है चिल्ला एलिवेटेड रोड और दूसरी है सेक्टर-94 से यमुना एक्सप्रेसवे तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड। चिल्ला रोड का निर्माण कार्य पहले ही शुरू हो चुका है। यह छह लेन की 5.9 किलोमीटर लंबी सड़क है, जिस पर करीब 892 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इससे प्रतिदिन लगभग 10 लाख वाहन चालकों को फायदा होगा और नोएडा के प्रवेश द्वार पर लगने वाला जाम काफी हद तक खत्म हो सकेगा।
दूसरी ओर, नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए एक और छह लेन की एलिवेटेड रोड और आठ लेन का ग्राउंड लेवल एक्सप्रेसवे भी प्रस्तावित है। यह सड़क सेक्टर-94 से होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे और फिर नोएडा एयरपोर्ट से जुड़ेगी।
इन दोनों सड़कों को महामाया फ्लाईओवर के पास एक हाईटेक इंटरचेंज के जरिए जोड़ा जाएगा। इस इंटरचेंज का डिज़ाइन तैयार करने के लिए एक सलाहकार कंपनी की नियुक्ति की जा रही है।
प्राधिकरण के अनुसार, इस नए इंटरचेंज के बनने से दिल्ली, नोएडा और हरियाणा से आने-जाने वाला ट्रैफिक बिना नोएडा एक्सप्रेसवे पर आए ही सीधे यमुना एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ सकेगा। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को सहूलियत मिलेगी और समय की भी बचत होगी।
नोएडा प्राधिकरण के डीजीएम (सिविल) विजय रावल ने बताया कि यह योजना यात्रियों को एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराएगी जिससे ट्रैफिक दबाव कम होगा और यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
