लखनऊ में कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि, ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने अर्पित किए पुष्प
“उत्तर प्रदेश में कारगिल विजय दिवस: लखनऊ में शहीदों को श्रद्धांजलि, ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने पुष्पांजलि अर्पित की”
आज पूरा देश कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ मना रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश में भी यह दिन श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। राजधानी लखनऊ में सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास निदेशालय परिसर स्थित शहीद स्मारक पर एक भावपूर्ण समारोह आयोजित किया गया।
सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास के निदेशक ब्रिगेडियर अतुल कुमार ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों ने भारत की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता।
ब्रिगेडियर कुमार ने कहा कि यह दिन न केवल शहीदों को याद करने का अवसर है, बल्कि भावी पीढ़ी को उनके साहस, पराक्रम और देशभक्ति से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। इस अवसर पर निदेशालय के अधिकारी, कर्मचारी और पूर्व सैनिकों ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को नमन किया।
कारगिल विजय दिवस का यह आयोजन देश के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीरों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक बना।
