शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा को दी श्रद्धांजलि
“हमीरपुर: शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि“
हमीरपुर में बुधवार को शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा के शहीदी दिवस पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धांजलि समारोह शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा चौक और निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के परिसर में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर, एएसपी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों, कर्मचारियों, शहीद के परिजनों, भूतपूर्व सैनिकों और आम नागरिकों ने भाग लिया। उन्होंने शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए देश के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया।
कैप्टन मृदुल शर्मा ने 1 जनवरी 2004 को जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में अदम्य साहस का परिचय देते हुए वीरगति प्राप्त की थी। उनके इस असाधारण शौर्य के लिए उन्हें मरणोपरांत सेना मैडल (शौर्य) से सम्मानित किया गया।
प्रदेश सरकार ने उनकी स्मृति में ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल हमीरपुर का नाम बदलकर शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) हमीरपुर कर दिया है, जिससे उनका बलिदान हमेशा याद रखा जा सके।
