सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर, दो जवान घायल
“हजारीबाग में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, तीन नक्सली ढेर, दो जवान घायल”
हजारीबाग, 15 सितंबर। हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत पातीतिरी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन शीर्ष इनामी नक्सली मार गिराए गए। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में एक करोड़ रुपये का ईनामी नक्सली सहदेव सोरेन, 25 लाख रुपये का ईनामी नक्सली रघुनाथ हेंब्रेम और 10 लाख रुपये का ईनामी नक्सली बिरसेन गंझू ढेर कर दिया गया।
मुठभेड़ स्थल से तीन एके-47 राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और अन्य सामान बरामद किया गया। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि क्षेत्र में सर्च अभियान अभी भी जारी है। जिस घर में नक्सलियों ने शरण ली थी, उसे सुरक्षा घेराबंदी में लेकर फॉरेंसिक टीम जांच कर रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें सुबह करीब चार बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी, लेकिन उन्होंने शुरुआत में इसे हाथी भगाने के लिए पटाखे चलने का शोर समझा। बाद में उन्हें मुठभेड़ की जानकारी मिली। यह गाँव में इस तरह की पहली घटना है।
इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के दो जवान घायल हुए हैं। घायल जवान अजय भौतिक (असम) और सुब्रतो विश्वास (पश्चिम बंगाल) को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी से ग्रामीण अनजान थे और पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ाई गई है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
